क्यूबा के खिलाफ अमेरिका का बड़ा फैसला, 11 अधिकारियों पर लगे नए प्रतिबंध
वाशिंगटन / हवाना: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने क्यूबा के खिलाफ एक बार फिर बड़ा और कड़ा रुख अख्तियार किया है। अमेरिका ने क्यूबा के 11 शीर्ष अधिकारियों और तीन प्रमुख सरकारी संस्थानों पर नए वित्तीय प्रतिबंध आयद कर दिए हैं। इस सख्त कदम की जानकारी देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने स्पष्ट किया कि क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार लगातार अपने ही नागरिकों की आवाज को दबा रही है। इसके साथ ही वह न सिर्फ अमेरिकी सुरक्षा के लिए चुनौती बन रही है, बल्कि विदेशी खुफिया व सैन्य ऑपरेशनों को बढ़ावा देकर वैश्विक स्थिरता को भी खतरे में डाल रही है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उठाया सख्त कदम
अमेरिकी विदेश मंत्री ने अपने आधिकारिक बयान में जोर देकर कहा कि देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए यह कार्रवाई बेहद जरूरी थी। इन नए प्रतिबंधों का मुख्य उद्देश्य क्यूबा की कम्युनिस्ट सत्ता और वहां के सैन्य तंत्र को मिलने वाले उन अवैध आर्थिक संसाधनों पर लगाम लगाना है, जिनका इस्तेमाल वे अपनी दमनकारी नीतियों को चलाने के लिए करते हैं। यह पूरी कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 1 मई, 2026 को हस्ताक्षरित कार्यकारी आदेश 14404 के तहत अमली जामे में लाई गई है, जो सीधे तौर पर उन तत्वों को लक्षित करता है जो अमेरिकी विदेश नीति और सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं।
रडार पर क्यूबा सरकार के कई शीर्ष चेहरे
इस कार्रवाई के तहत जिन 11 लोगों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया है, वे क्यूबा के शासन और सेना में बेहद रसूखदार पदों पर बैठे हैं। इन अधिकारियों पर अपने ही देश के नागरिकों के मानवाधिकारों का हनन करने और उन्हें प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने साफ किया है कि यह कार्रवाई किसी एक घटना का परिणाम नहीं है, बल्कि क्यूबा की सरकार से मिलने वाली सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए चलाए जा रहे एक व्यापक और सुनियोजित अभियान का हिस्सा है। इसके जरिए उन सभी चेहरों और संस्थाओं को बेनकाब किया जाएगा जो इस दमनकारी व्यवस्था को आर्थिक या रणनीतिक मजबूती दे रहे हैं।
प्रतिबंधित अधिकारियों की बढ़ेगी मुश्किलें
लक्षित किए गए बड़े नामों में एडी मैनुअल सिएरा एरियस, ऑस्कर अलेजांद्रो कैलेजस वालकार्स, रोसाबेल गामोन वर्डे, जोकिन क्विंटास सोला, जुआन एस्टेबान लाजो हर्नांडेज़, विसेंट डे ला ओ लेवी और मायरा अरेविच मारिन जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इनके अलावा जोस मिगुएल गोमेज़ डेल वैलिन, राउल विलर केसेल, रॉबर्टो टॉमस मोरालेस ओजेडा और यूजेनियो आर्मंडो राबिलेरो अगुइलेरा पर भी शिकंजा कसा गया है। विदेश मंत्री रुबियो के अनुसार ये सभी लोग क्यूबा की बदहाल अर्थव्यवस्था, जनता की दुर्दशा और वहां की धरती पर चल रही विदेशी खुफिया गतिविधियों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि आने वाले समय में ऐसे और भी कड़े प्रतिबंध देखने को मिल सकते हैं।
संपत्तियां होंगी सीज और व्यापार पर रोक
इस प्रतिबंध के लागू होने के बाद अब अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में आने वाली इन सभी अधिकारियों और संस्थानों की संपत्तियों तथा वित्तीय हितों को तत्काल प्रभाव से फ्रीज (जब्त) कर दिया जाएगा। कानूनन कोई भी अमेरिकी नागरिक या व्यावसायिक कंपनी अमेरिकी ट्रेजरी विभाग की विशेष इजाजत के बिना इनके साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन नहीं कर सकेगी। ट्रंप प्रशासन का यह फैसला साफ तौर पर दिखाता है कि वह क्यूबा को लेकर अपनी नीतियों में कोई ढील देने के मूड में नहीं है। अमेरिका का अंतिम लक्ष्य क्यूबा में मानवाधिकारों की बहाली, कानून के शासन की स्थापना और वहां लोकतंत्र व खुले बाजार को बढ़ावा देना है।
ईरान की शर्तों पर नहीं बनी बात, ट्रंप बोले- समझौते के आसार नहीं
Astral स्टॉक में 6% की गिरावट, Q4 नतीजों के बाद निवेशकों की नजरें
जबलपुर में दिल दहला देने वाली घटना, कुत्ता बच्ची को मुंह में दबाकर भागा
परीक्षा विवाद में बड़ा एक्शन, NEET केस से जुड़ा डायरेक्टर गिरफ्तार
शराब दुकान स्थानांतरण पर रांझी के लोगों ने विरोध जताया, ज्ञापन सौंपा
रेलवे पुल नंबर-1 के पास सड़क बनी जानलेवा, वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
तमिलनाडु में भाषा नीति पर सख्त रुख, TVK सरकार ने दबाव की राजनीति को किया खारिज